पूरी रात बैठा रहा लाश के पास, परिजन बोले - हैरानी इस बात की है...
परिजनों ने सपेरे को बुलवाकर सांप पकड़वाया
एबीएन सेंट्रल डेस्क। मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में अमित उर्फ मिक्की नामक युवक की सांप के डंसने से मौत हो गयी। 25 साल के अमित को सांप ने एक या दो बार नहीं, बल्कि पूरे 10 बार डंसा। उसके शरीर पर सांप के डंसने के 10 जगह निशान मिले हैं। इतना ही नहीं, रातभर अमित को डंसने के बाद भी सांप उसके पास से हटा नहीं, बल्कि लाश के नीचे दबकर बैठा रहा।
सुबह जब घरवालों ने लाश को हिलाया तो नीचे सांप मिला। बाद में सपेरे को बुलवाकर सांप पकड़वाया। इसके बाद घरवाले अमित को डॉक्टर के पास लेकर गये लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। अमित बहसूमा का रहने वाला था। चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। विवाहित मिक्की के तीन बच्चे भी हैं। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववालों ने बताया कि अमित मजदूरी करता था। रोजाना की तरह शनिवार को भी मजदूरी करके रात 10 बजे घर लौटा था।
घर लौटने के बाद खाना खाकर सो गया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब घरवाले उसे कमरे में जगाने पहुंचे तो देखा उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी वो नहीं उठा। घरवालों ने उसे हिलाया तो शरीर के नीचे सांप बैठा मिला। उसके शरीर पर 10 जगह सांप काटने के निशान मिले। इसके बाद परिजनों ने शोर मचा दिया।
मौके पर पड़ोसी पहुंचे। महमूदपुर सिखेड़ा से सपेरे को बुलवाया गया, जो सांप पकड़कर ले गया। वहीं सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घरवाले पहले अमित को अस्पताल ले गये, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।