देशवासियों से पीएम बोले- मुझे उनकी बात पर पूरी आस्था
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद को याद कर रहा है, उन्हें नमन कर रहा है। स्वामी विवेकानंद को देश के युवाओं पर बहुत भरोसा था। पीएम मोदी ने कहा कि स्वामी जी कहते थे कि मुझे युवा पीढ़ी पर भरोसा है, नयी पीढ़ी पर भरोसा है।
स्वामी जी कहते थे, मेरे कार्यकर्ता युवा पीढ़ी से आयेंगे... जैसे विवेकानंद जी को आप पर भरोसा था, मुझे भी विवेकानंद जी पर भरोसा है। मुझे उनकी कही हर बात पर भरोसा है। बकौल प्रधानमंत्री मोदी, स्वामी विवेकानंद ने भारत के युवाओं के लिए जो भी सोचा और कहा है, उस पर मुझे पूरी आस्था है।
पीएम मोदी ने कहा, अगर हमारे हर निर्णय, कदम और नीति का मार्गदर्शन विकसित भारत का विचार करे तो दुनिया की कोई भी ताकत हमें विकसित होने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवाओं की ऊर्जा ने भारत मंडपम को जोश से भर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि समय के चक्र को देखिये। इसी भारत मंडपम में, जहां आप सब एकत्र हुए हैं, वैश्विक नेता विश्व के भविष्य पर चर्चा कर रहे थे। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं आज उसी स्थान पर हूं, जहां देश के युवा भारत के अगले 25 वर्षों का रोडमैप तैयार कर रहे हैं।