देश और दुनिया में इस वर्ष इन 10 मुद्दों पर रही खास चर्चा, यहां देखें पूरी लिस्ट
एबीएन नॉलेज डेस्क। साल 2024 खत्म होने को है। यह साल दुनिया और भारत के लिए कई ऐतिहासिक और अहम घटनाओं का गवाह बना। कहीं राजनीतिक बदलाव हुए तो कहीं प्राकृतिक आपदाएं। आइये जानते हैं इस साल की 10 सबसे चर्चित घटनाओं के बारे में।
1. इजरायल-ईरान के बीच तनाव और हमले
मध्य पूर्व में साल 2024 तनाव से भरा रहा। अप्रैल और अक्टूबर में ईरान ने इजरायल पर मिसाइल हमले किये। इसके जवाब में इजरायल ने भी पलटवार किया। इस दौरान हमास और हिजबुल्लाह के प्रमुख नेताओं की हत्या ने स्थिति और खराब कर दी। गाजा में इजरायल ने कई बड़े हमले किये।
2. भारत में एनडीए की जीत और मोदी तीसरी बार पीएम
भारत में अप्रैल-जून के बीच लोकसभा चुनाव हुए। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 292 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया। नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। विपक्षी गठबंधन इंडिया को 234 सीटें मिलीं। भाजपा ने 240 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस को 99 सीटें मिलीं।
3. भारत-कनाडा के रिश्तों में खटास
अक्टूबर 2024 में भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद गहरा गया। भारत ने कनाडा के 6 राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया और अपने राजनयिकों को भी वापस बुला लिया। इस घटना ने दोनों देशों के बीच व्यापार और संबंधों पर असर डाला।
4. आपातकाल के 50 साल पूरे
25 जून 2024 को भारत में आपातकाल लागू हुए 50 साल पूरे हुए। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच जमकर बहस हुई। 1975-77 के दौरान इंदिरा गांधी सरकार ने देश में आपातकाल लागू किया था जिसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक काला अध्याय माना जाता है।
5. वायनाड में भूस्खलन से तबाही
जुलाई 2024 में केरल के वायनाड में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गयी। मेप्पडी, मुंडक्कई और चूरलमाला इलाकों में स्थिति गंभीर हो गयी। यह घटना दुनिया में बढ़ते प्राकृतिक आपदाओं की ओर इशारा करती है।
6. आरजी कर रेप-मर्डर केस से उबाल
अगस्त 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना सामने आयी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। मुख्य आरोपी को एक दिन के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े किये।
7. बांग्लादेश में शेख हसीना का तख्तापलट
बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना सरकार का तख्तापलट हुआ। शेख हसीना भारत आ गयीं। तख्तापलट के बाद बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले बढ़ गये। देश की अंतरिम सरकार की कमान मुहम्मद युनूस के हाथ में है।
8. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की वापसी
अमेरिका में नवंबर 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत दर्ज की। उन्होंने डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस को हराया। ट्रंप ने 312 इलेक्टोरल वोट हासिल किये जबकि कमला को 226 वोट मिले। रिपब्लिकन पार्टी ने हाउस और सीनेट में भी बहुमत हासिल किया।
9. सीरिया में असद सरकार का अंत
दिसंबर 2024 में सीरिया में विद्रोही समूहों ने सत्ता पर कब्जा कर लिया। बशर अल-असद को देश छोड़कर रूस में शरण लेनी पड़ी। हयात तहरीर अल-शाम नामक विद्रोही संगठन ने राजधानी दमिश्क में असद शासन के पतन का जश्न मनाया।
10. वन नेशन-वन इलेक्शन बिल संसद में पेश
नवंबर 2024 में मोदी सरकार ने वन नेशन-वन इलेक्शन बिल लोकसभा में पेश किया। इस पर विपक्ष ने विरोध जताया। बावजूद इसके बिल को सदन में समर्थन मिला और इसे विचार-विमर्श के लिए खढउ के पास भेजा गया।
घटनाओं से भरा साल रहा 2024
साल 2024 राजनीतिक प्राकृतिक और सामाजिक बदलावों का गवाह बना। इन घटनाओं ने देश-दुनिया को कई सबक दिए और आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार किया।