एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात के मेहसाणा जिले में शुक्रवार रात 4.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके रात 10:15 बजे महसूस किये गये और इसका केंद्र पाटन से 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप की हलचल महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आये, लेकिन अधिकारियों के अनुसार किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र मेहसाणा क्षेत्र में था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। यह स्थान गुजरात के राजकोट से लगभग 219 किमी उत्तर-पूर्व में और पाटन से 13 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। भूकंप के झटके बनासकांठा, पाटन, साबरकांठा और मेहसाणा के उत्तरी जिलों तक महसूस किये गये और ये 2 से 3 सेकंड तक रहे।
गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पिछले 200 वर्षों में नौ बड़े भूकंप हो चुके हैं, जिनमें 26 जनवरी, 2001 को कच्छ में आये विनाशकारी भूकंप का भी समावेश है, जिसमें हजारों लोग मारे गये थे।