देश
होली के दिन देशभर में मिले 56,211 नये संक्रमित
ABN Bureau
•
30 Mar, 2021
•
5 मिनट में पढ़ें
35 Views
विज्ञापन
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 56,211 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,20,95,855 हो गई है। 271 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,62,114 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 5,40,720 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,13,93,021 है। महाराष्ट्र के बाद गुजरात में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। अब अहमदाबाद के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) में 70 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना वायरस के कहर के बीच देश में टीकाकारण जारी है। अब तक 6 करोड़ से अधिक (कुल 6,11,13,354) कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है। पिछले 24 घंटों में 5,82,919 टीके लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 57,82,665 खुराकें दी गई है। देश में कुल 6,11,13,354 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 24,26,50,025 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 7,85,864 सैंपल कल टेस्ट किए गए हैं। पिछले दिनों ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कोरोना को रोकने में टेस्ट की भूमिका अहम है और अधिक से अधिक लोगों का टेस्ट किया जाना चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के आठ राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इन 8 राज्यों से नए मामलों का योगदान करीब 86 फीसदी है। देश में कोरोना वायरस के 63 फीसदी सक्रिय मामले अकेले महाराष्ट्र से हैं।
दिल्ली सरकार ने साफ किया है कि एक बार फिर से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच छोटी कक्षाओं के लिए फिलहाल स्कूल नहीं खोले जाएंगे। दिल्ली के अलावा पंजाब, पांडिचेरी, गुजरात, हिमाचल, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, राजस्थान समेत कई अन्य राज्यों ने भी फिलहाल छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब के सभी स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए हैं।
विज्ञापन