झारखंड में वोटरों की संख्या बढ़ी, चुनाव आयोग ने जारी की नयी वोटर लिस्ट
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में वोटरों की संख्या 2 करोड़, 57 लाख, 78 हजार, 149 हो गयी है। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण कराने के बाद मंगलवार को नयी मतदाता सूची जारी की गयी है। नये वोटर लिस्ट में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़, 27 लाख, 12 हजार, 266 हो गयी है। इसके अलावे राज्य में थर्ड जेंडर की संख्या 434 है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने नयी वोटर लिस्ट जारी करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2024 को प्रकाशित वोटर लिस्ट से 1.54% की वृद्धि हुई है, जबकि 25 जुलाई को जारी प्रारूप से 0.49% की कमी है। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के दौरान 3,89,595 वोटर जिसमें 1,82,655 मृत पाये गये हैं, 1,31,786 शिफ्टिंग और 75,154 एक से अधिक स्थानों पर वोटर होने की वजह से हटाये गये हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को अहर्ता मानकर 18 वर्ष के होने वाले युवाओं के 55,189 आवेदन प्राप्त हुए हैं। गौरतलब है कि 22 जनवरी 2024 को राज्य में 2 करोड़ 53 लाख 86 हजार 152 वोटर राज्य में थे। पुनरीक्षण के बाद राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 29562 हो गयी है। कुछ जिलों में मतदान केंद्र में बदलाव भी हुआ है, वहीं कुछ स्थानों पर नए सिरे से मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
इस तरह से राज्य में 41 मतदान केंद्र पिछले मतदान केंद्र की संख्या से अधिक है। नये वोटर लिस्ट में 18 से 19 आयु वर्ग में पुरुष मतदाताओं की संख्या 4 लाख, 80 हजार, 760 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 5 लाख, 93 हजार, 959 है और थर्ड जेंडर मतदाता की संख्या 13 है। इस प्रकार 18 से 19 आयु वर्ग में मतदाताओं की कुल संख्या 10 लाख, 74 हजार, 732 है।