चंडीगढ़ एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतरे, चार यात्रियों की मौत, 14 जख्मी
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गोंडा जिले के गोंडा- मनकापुर रेलखंड के बीच चंडीगढ़ एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतर गये। हादसे में चार लोगों की मौत की खबर है जबकि 14 लोग जख्मी हो गये हैं। 15904 -चंडीगढ़ एक्सप्रेस चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही थी। हादसा मोतीगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा गांव के पास हुआ।
पौने तीन बजे दो डिब्बे बेपटरी हुए, उसके बाद 12 और डिब्बे पलट गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने व घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।
सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। सीएम के निर्देश पर आसपास के जिलों के सभी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिये गये हैं।