तीसरी बार पीएम बनने के बाद कल वाराणसी में मोदी, किसान सम्मेलन को करेंगे संबोधित
एबीएन सेंट्रल डेस्क। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने वाराणसी में सोमवार को बताया कि मोदी 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री देश के 9.60 करोड़ किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त के तहत 20 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि अंतरित करेंगे। भाजपा की जिला इकाई के मीडिया प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताने मंगलवार को काशी आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मंगलवार की शाम को बाबतपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर से मिजार्मुराद के मेंहदीगंज में किसान संवाद कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वहां किसानों को संबोधित करने के साथ ही वे देश के 9.60 करोड़ किसानों के खाते में डीबीटी के तहत 20 हजार करोड़ से ज्यादा की पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त जारी करेंगे।