जमकर चले लाठी-डंडे, क्रॉस मामला दर्ज
युवक ने फर्सी से महिला पर किया हमला
कमल लोधा की रिपोर्ट
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुना। जिले की तहसील कुंभराज के ग्राम खूजरिया में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गये। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामले दर्ज किये हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले पक्ष के फरियादी पर्वत पुत्र धनसिंह गुर्जर ने मृगवास थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया है कि उन्होंने खजूरिया के रामलाल गुर्जर की जमीन व मकान खरीदा था। वह अपने भानेज शिवनारायण, रामलाल के साथ खरीदी हुई जमीन ट्रैक्टर से जोत रहे थे तभी खजूरिया के रामदयाल गुर्जर, शिवनारायण गुर्जर लाठी लेकर आए।
बोले कि यह जमीन हमारी है। इसी बात पर से रामदयाल, शिवनारायण ने उनके साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें उनके ही घर के अंदर बंद कर दिया एवं बाहर से कुंदी लगा मोटरसाइकिल एवं घर में जमकर तोडफोड़ की।
इधर दूसरे पक्ष की ओर से फरियादिया केदारबाई पत्नी रामदयाल गुर्जर ने अपनी शिकायत में बताया है कि सुबह 7 बजे वह अपने घर के पास वाले खेत में भेड़ें चरा रही थी तभी उनके पास के गांव खेड़ीआवा के धनसिंह गुर्जर का लड़का पर्वत गुर्जर फरसी लेकर आया और मुझसे पुरानी रंजिश पर से गाली गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर उसने फर्सी से महिला पर हमला कर दिया। तभी मौके पर मेरी सास प्रेमबाई और देवरानी कलाबाई आ गई थी। जिन्होंने बीच बचाव कर महिला को उपचार के लिए कुंभराज अस्पताल भेजा।