कमल सिंह लोधा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुना। विगत रात्रि में जिले के जामनेर थाना अंतर्गत शादी समारोह से अपने रिश्तेदार के साथ एक नाबालिग किशोरी के वापस घर लौटने के दौरान तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में जामनेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखायी। कार्यवाही करते हुए महज 06 घंटों के भीतर ही प्रकरण के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 17 मई को 17 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने जामनेर थाने पर रिपोर्ट कर बताया था कि 16 मई 2024 की रात्रि में वह एक शादी कार्यक्रम से अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रही थी कि रास्ते में दौलतपुरा के पास उन्हें जामनेर निवासी गोलू अहिरवार, अरविंद अहिरवार और राहुल अहिरवार मिले। इन तीनों ने उनकी बाइक को रोक लिया और तीनों लड़कों ने उसके साथी रिश्तेदार के साथ मारपीट भी की।
इस बीच गोलू उसे जबरन खींचकर पास ही झाड़ियों में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद वह अपने दोनों साथियों को भी उसके साथ गलत करने के लिये बुलाने गया, लेकिन इस दौरान वहां से एक बाइक निकली, जिसे देख तीनों वहां से भाग गये। तीनों आरोपियों गोलू अहिरवार, अरविंद अहिरवार एवं राहुल अहिरवार के विरूद्ध जामनेर थाने में अप.क्र. 149/24 धारा 376-डी, 341, 323 भादवि एवं 5/6 पोस्को एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने गत दिनांक 17 मई 2024 की रात को ही महज 06 घंटों में ही तीनों आरोपियों 1-गोलू पुत्र प्रेमनारायण उर्फ पप्पू अहिरवार उम्र 23 साल, 2-अरविंद पुत्र घासीराम अहिरवार उम्र 18 साल एवं 3-राहुल पुत्र सुखराम अहिरवार उम्र 18 साल निवासीगण इंद्रा कॉलोनी ग्राम जामनेर जिला गुना को मुखबिर सूचना पर ग्राम जामनेर के मोरवास रोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।