कमल सिंह लोधा
एबीएन सेंट्रल डेस्क (बीना)। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रमोद तिवारी ने गाड़ियों में यात्रियों के लिए वेंडरों द्वारा उपलब्ध करवायी गयी खान-पान सामग्री तथा बीना स्टेशन पहुंचकर प्लेटफार्म पर स्टालों द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गयी।
साथ ही कैटरिंग स्टॉल के निरीक्षण के दौरान स्टॉल पर जनता खाना के बॉक्स पर एक्सपायरी तिथि की उपलब्धता, गैर अनुमोदित पीएडी आइटम की बिक्री एवं खुले में खाद्य सामग्री बेचने जैसी अनियमितता संबंधी जांच की गयी। निरीक्षण के दौरान बीना स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर संचालित खानपान स्टॉल पर उपलब्ध गैर-अनुमोदित खाद्य सामग्री जब्त की गयी।
साथ ही पेटीज की गुणवत्ता जांच हेतु सैंपलिंग कराकर जांच हेतु भेजा गया। इसी प्रकार प्लेटफार्म क्रम संख्या 4 के अन्य स्टॉल के बाहर अनाधिकृत रूप से रखे हुए फ्रिज को भी जब्त कर लिया गया है। स्टेशन परिसर से अनधिकृत रूप से रखी गयी गैर-अनुमोदित पानी बॉटल की 55 पेटी भी जब्त की गयी।
स्टेशन परिसर में वेंडर द्वारा बेचे जा रहे समोसे की भी जांच की गयी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार न पाये जाने पर समोसों को नष्ट कराया गया। साथ ही संबंधित लाइसेंसी के प्रतिनिधि को आवश्यक सुधार कर गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध करने हेतु निर्देश दिये गये।
कार्यवाही के दौरान मुख्य खानपान निरीक्षक मोहित यादव, वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह, मंडल वाणिज्य निरीक्षक/ बीना आशीष अवस्थी एवं अन्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। रेल प्रशासन यात्रियों को उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर खानपान सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।