Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

लोकसभा चुनाव से पहले सीएए लागू करेंगे : शाह

लोकसभा चुनाव से पहले सीएए लागू करेंगे : शाह
विज्ञापन

कानून को लेकर कोई भ्रम में ना रहे, किसी की नागरिकता नहीं जायेगी, विपक्ष मुस्लिम पक्ष को भड़का रहा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (10 फरवरी) को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले सीएए को लागू करने नोटिफिकेशन जारी कर दिया जायेगा और इसे लागू भी कर दिया जायेगा। 

उन्होंने कहा, कोई कानून को लेकर भ्रम में ना रहे। इससे किसी की भी नागरिक नहीं जाजेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून को ले कर विपक्ष मुस्लिम समुदाय को भड़का रहा है। उन्होंने पिछले साल अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान दावा किया था कि सीएए को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता है। श्री शाह यहां एक टीवी कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

किसी की नागरिकता नहीं छिनेगी 

अमित शाह ने कहा, मैं साफ कर देना चाहता हूं कि सीएए किसी भी व्यक्ति की नागरिकता नहीं छीनेगा। इसका उद्देश्य केवल धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे पाकिस्तानी, अफगानिस्तानी और बांग्लादेशी अल्पसंख्यकों को नागरिकता देना है। 

हमारा नहीं कांग्रेस का है वादा 

अमित शाह ने कहा कि पड़ोसी देशों के पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का वादा कांग्रेस का है। उन्होंने कहा, जब देश का विभाजन हुआ और वहां पर अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित किया जाता था, उस दौरान वे सभी भारत में भाग कर आना चाहते थे, तब कांग्रेस ने कहा था कि आप यहां आइये, आपको यहां नागरिकता दी जायेगी। 

मुस्लिम समुदाय को गुमराह कर रहा विपक्ष 

केंद्रीय गृह मंत्री ने विपक्ष पर मुसलमानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, हमारे मुस्लिम भाइयों को सीएए को लेकर गुमराह किया जा रहा है और भड़काया जा रहा है।  यह केवल पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के धार्मिक अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के लिये है।  

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पेश किये गये सीएए का उद्देश्य हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाइयों सहित सताये गये गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है, जो 31 दिसंबर, 2014 से पहले बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से भारत आये हैं। 

यह चुनाव विकास वनाम भ्रष्टाचार है 

आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में बोलते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यह चुनाव विकास के खिलाफ भ्रष्टाचार के बारे में है। यह भ्रष्ट शासन बनाम भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के बारे में है। यह चुनाव उन लोगों के बारे में है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा सुरक्षित करना चाहते हैं, बनाम उनके बारे में जो विदेश नीति के नाम पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।   

तीसरी बार भी  सरकार बनायेंगे 

गृह मंत्री ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को 370 सीट एवं उसके नेतृत्व वाले एनडीए को 400 से अधिक सीट मिलेंगी। केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कोई संशय नहीं है।  

यहां तक कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों को भी एहसास हो गया है कि उन्हें फिर से विपक्ष में बैठना होगा। हमने अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया है, इसलिए हमें भरोसा है कि देश की जनता भाजपा को 370 सीट और राजग को 400 से अधिक सीट पर जीत दिलाकर अपना आशीर्वाद देगी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 27,882