- पीएम नरेंद्र मोदी 30 नवंबर को देवघर एम्स में 10 हजारवें पीएम जन औषधि केंद्र का करेंगे आनलाइन उद्घाटन
टीम एबीएन, देवघर/ रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 नवंबर को दिल्ली से आनलाइन देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करेंगे। देवघर एम्स परिसर में अमृत फार्मेसी के बगल में ही पीएम जन औषधि केंद्र तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार स्टोर में सारी दवाइयां आ गयी हैं।
गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आग्रह पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र की स्वीकृति दी है। फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो आॅफ इंडिया (पीएमबीआई) के सीइओ रवि दाधिची ने सांसद डॉ निशिकांत दुबे व एम्स के निदेशक को पत्र भेजकर बताया है कि 30 नवंबर को प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 10 हजारवें पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री देवघर एम्स के साथ-साथ महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी संबोधन करेंगे। समारोह में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे देवघर एम्स में उपस्थित रहेंगे। सीईओ रवि ने देवघर एम्स के निदेशक को पीएमबीआई के नोडल आॅफिसर के साथ को-आर्डिनेशन कर उद्घाटन समारोह की सारी तैयारी करने का निर्देश दिया है।
गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्होंने देवघर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की मांग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से की थी। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से लिया। 30 नवंबर को पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। देवघर एम्स में पीएम जन औषधि केंद्र खुल जाने से मरीजों को अमृत फार्मेसी में लंबी लाइन लगाकर दवा लेने से राहत मिलेगी तथा औषधि केंद्र में सस्ती दर पर सभी दवाइयां उपलब्ध होंगी।