एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को एशियाई पैरा गेम्स 2022 में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को शाम 4:30 बजे मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम एशियाई पैरा खेलों के भारतीय दल के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा एशियाई पैरा गेम्स 2022 में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए एथलीटों को बधाई देने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है।
उल्लेखनीय है कि भारत ने एशियाई पैरा खेल 2022 में 29 स्वर्ण पदक सहित कुल 111 पदक जीते। एशियाई पैरा गेम्स 2022 में कुल पदक तालिका में पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (2018 में) की तुलना में 54 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और जीते गए 29 स्वर्ण पदक 2018 में जीते गए स्वर्ण पदकों से लगभग दोगुने हैं।
इस कार्यक्रम में एथलीट, उनके कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि और युवा मामले और खेल मंत्रालय के अधिकारी भाग लेंगे।