एबीएन डेस्क। लंबी बीमारी से लड़ते हुए आखिरकार भारत के वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने इस बारे में लिखा कि, मेरे निडर, निर्भीक और असाधारण पिता विनोद दुआ अब इस दुनिया में नहीं रहे। दिल्ली के रिफ्यूजी कॉलोनियों से निकलकर पत्रकारिता जगत के 42 साल के करियर में वे सत्ता के सामने सच्चाई रखते रहे। वे अब स्वर्ग में हमारी मां और अपनी पत्नी चिन्ना के साथ हैं, जहां वे दोनों साथ गाना गाएंगे और यात्रा करेंगे। विनोद दुआ की मौत की खबर से भारतीय मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। देशभर के उनके सहकर्मी और साथी पत्रकार उनके निधन पर शोक प्रकट कर रहे हैं। दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके और हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरे 67 वर्षीय विनोद दुआ की पत्नी पद्मावती चिन्ना दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था। इससे पहले जैसे ही विनोद दुआ के जैसे ही मौत की खबर फैली थी तो बेटे मल्लिका दुआ ने लिखा था, मेरे पिता जी आईसीयू में हैं और उनकी हालत गंभीर है। उनका स्वास्थ्य अप्रैल से तेजी से खराब हो रहा था। वह अपने जीवन की किरण खो जाने के सदमे से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने असाधारण जीवन जिया है और हमें भी ऐसा ही जीवन दिया है। वह किसी तकलीफ के हकदार नहीं हैं। वह बहुत प्रिय और श्रद्धेय हैं। मैं आप सबसे यह प्रार्थना करने का अनुरोध करती हूं कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो। उन्होंने कहा था, सभी से अनुरोध है कि मेरे पिता के निधन के बारे में अफवाहें न फैलाएं। वह आईसीयू में हैं। अभी भी लड़ रहे हैं। नतीजा कुछ भी हो। उन्हें अपनी गरिमा में बने रहने दें। मल्लिका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, कृपया विश्वास न करें/गलत सूचना न फैलाएं। मैं उनके संबंध में सभी आधिकारिक समाचार और अपडेट जारी करूंगी।