टीम एबीएन, रांची। 9 अगस्त से मेरी माटी मेरा देश अभियान शुरू हो गया है, जो 30 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान की घोषणा पीएम मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम के दौरान की थी। 30 जुलाई को प्रसारित हुए मन की बात कार्यक्रम के 103वें प्रसारण में पीएम मोदी ने कहा था कि इस अभियान के दौरान वीरों को याद करने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
ये अभियान 9 अगस्त से 30 अगस्त के बीच चलाया जायेगा। बता दें कि इस साल 15 अगस्त को देश की आजादी के 77 साल पूरे हो जायेंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पिछले साल केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर घर तिरंगा अभियान चलाया था। जिसमें देशभर में हर घर की छत पर तिरंगा नजर आया था।
वहीं इस साल देशवासी मेरी माटी मेरा देश अभियान के साथ आजादी का महत्सव मनायेंगे। इसलिए ये जानना जरूरी है कि आखिर मेरी माटी मेरा देश प्रोग्राम है क्या और इसका उद्देश्य क्या है।
क्या है मेरी माटी मेरा देश अभियान
पीएम मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात के 103वें संस्करण के दौरान मेरी माटी मेरा देश अभियान के बारे में जानकारी दी थी। इस अभियान का उद्देश्य भारत के वीर सपूतों को आजादी के मौके पर याद करना है। इस दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कराया जायेगा। उनकी स्मृति में अमृत सरोवरों के निकट ग्राम पंचायतों में शिलाफलकम स्थापित किये जायेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि अमृत महोत्सव की गूंज और 15 अगस्त करीब आने के बीच, देश में एक और महान अभियान शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा था कि हमारे वीर पुरुषों और महिलाओं के सम्मान में मेरी माटी मेरा देश अभियान शुरू किया जायेगा।
कब तक चलेगा मेरी माटी मेरा देश अभियान
बता दें कि मेरी माटी मेरा देश अभियान 9 अगस्त को शुरू हो रहा है, जिसके तहत 15 अगस्त, 2023 यानी स्वतंत्रता दिवस तक निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजिन किया जायेगा। इसके बाद इस कार्यक्रम को 16 अगस्त से ब्लॉक, नगर पालिका/निगम और राज्य स्तर पर आयोजित कराया जायेगा। इस कार्यक्रम का समापन समारोह कर्तव्य पथ, नयी दिल्ली 30 अगस्त को किया जायेगा। जिसमें कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
क्या है इस अभियान का उद्देश्य?
मेरी माटी मेरा देश अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का सम्मान करना है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान किया सूचना एवं प्रसारण और दूरसंचार विभाग के सचिव अपूर्व चंद्रा के मुताबिक, मेरी माटी मेरा देश आजादी का अमृत महोत्सव का समापन कार्यक्रम होगा, जिसके तहत भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है।
अपूर्व चंद्रा के मुताबिक, पिछले साल आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान, हर घर तिरंगा बेहद सफल रहा था और इस साल आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम मेरी माटी मेरा देश की शुरुआत हो रही है।