- सांसद संजय सेठ ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रांची पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए कहा धन्यवाद
टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी के रांची से सांसद संजय सेठ ने नयी दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री से रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के परिचालन और कई ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का आग्रह किया।
सांसद सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री को रांची पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए धन्यवाद कहा। इसके साथ ही रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर चर्चा की। इस चर्चा में केंद्रीय रेल मंत्री ने सांसद को बताया कि इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है और बहुत जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन रांची और हावड़ा के बीच आरंभ कर दिया जायेगा।
उन्होंने रांची और बनारस के बीच भी वंदे भारत ट्रेन का परिचालन करने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से कहा कि बनारस देश की सांस्कृतिक राजधानी है और बड़ा व्यवसायिक केंद्र भी है। झारखंड से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग बनारस आवागमन करते हैं परंतु ट्रेन सेवा नहीं होने के कारण कई बार लोगों को समस्याएं होती है।
वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन रांची और बनारस के संबंधों को भी मजबूत करेगा। व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी दोनों शहर लाभान्वित होंगे। इसके अतिरिक्त विगत 10 वर्षों से चलने वाली साप्ताहिक और विभिन्न ट्रेनों के फेरों को बढ़ाये जाने का आग्रह भी सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से किया।