एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और कारगिल में आज सुबह (मंगलवार) भूकंप के झटके महसूस किये गये। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गयी। ये भूकंप सुबह करीब 7 बजकर 38 मिनट पर आया। जानकारी के मुताबिक, भूकंप के ये झटके लद्दाख और कारगिल से 401 किलोमीटर उत्तर में महसूस किये गये।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, मंगलवार सुबह लद्दाख के लेह और कारगिल से करीब 401 किलोमीटर उत्तर में भूकंप के झटके महसूस किये गये। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 थी। इस भूकंप से अभी तक किसी भी तरह के जान या माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
ये होता है भूंकप के केंद्र और तीव्रता का मतलब
दरअसल, भूकंप का केंद्र उस स्थान को कहा जाता है जिसके ठीक नीचे प्लेट्स में हलचल होती है उसकी भूगर्भीय ऊर्जा बाहर निकलने के लिए रास्ता खोजती है। इस स्थान पर भूकंप का कंपन ज्यादा होता है। जैसे-जैसे कंपन की आवृत्ति दूर होती जाती हैं, इसका प्रभाव कम होता चला जाता है।
लेकिन यदि ये रिक्टर स्केल पर 7 या इससे अधिक की तीव्रता वाला होता है तो आसपास के 40 किलोमीटर के दायरे में तेज झटके महसूस होते हैं। लेकिन ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि भूकंपीय आवृत्ति ऊपर की तरफ है या उसके आसपास के दायरे में। यदि कंपन की आवृत्ति ऊपर की ओर होती है तो इससे कम क्षेत्र प्रभावित होता है।