एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने सोमवार को महिला जूनियर एशिया कप 2023 के अपने दूसरे मैच में मलेशिया को 2-1 से हरा दिया। डियान नाज़ेरी (छठा मिनट) ने मलेशिया के लिये पहला गोल किया, लेकिन मुमताज खान (10वां) और दीपिका (26वां मिनट) के एक-एक गोल से भारत ने जीत हासिल करते हुए पूल-ए के शीर्ष पर जगह बना ली।
मलेशिया ने जहां गेंद पर कब्जा रखने पर ध्यान केंद्रित किया, वहीं भारत पहले मिनट से आक्रमण करता नजर आया। इससे उन्हें पहले क्वार्टर में कुछ पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके। मलेशिया ने खेल के कुछ ही मिनटों में जवाबी हमला करना शुरू कर दिया, और भारतीय डी में खड़ी नाज़ेरी ने फील्ड गोल जमाकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलायी।