एबीएन सेंट्रल डेस्क। तमिलनाडु के विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से तीन महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि विल्लुपुरम जिले के मरक्कनम के पास एकियारकुप्पम के रहने वाले छह लोगों की रविवार को मौत हो गयी।
आगे अधिकारियों ने कहा कि चेंगलपट्टू जिले के मदुरंथगम में शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई और रविवार को एक दंपति की मौत हो गई, इन सभी चारों की मौत जहरीली शराब के सेवन से हुई है। वर्तमान में, दो दर्जन से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है और जानकारी के मुताबिक वे ठीक हैं।
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर) एन कन्नन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि सभी 10 पीड़ितों ने संभवत: इथेनॉल-मेथनॉल पदार्थों के साथ जहरीली शराब का सेवन किया था। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के उत्तरी क्षेत्र में जहरीली शराब से मौत की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आयी हैं और अभी तक पुलिस को दोनों घटनाओं के बीच संबंध का कोई सबूत नहीं मिला है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावित लिंक का पता लगाने के लिए कई एंगल से जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि दोनों जिलों में नकली शराब की दो घटनाएं सामने आई हैं। विल्लुपुरम जिले में छह लोगों को उल्टी, आंखों में जलन और चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से कई की मौत हो गयी। घटना के संबंध में एक आरोपी अमरन को गिरफ्तार कर लिया गया है और नकली शराब जब्त की गयी है।