Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

पेड़ से टकरायी बारातियों से भरी बस, पांच की मौत, 12 से ज्यादा घायल गंभीर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
पेड़ से टकरायी बारातियों से भरी बस, पांच की मौत, 12 से ज्यादा घायल गंभीर
विज्ञापन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भिंड-उरई राजमार्ग पर शनिवार देर रात गोपालपुरा के पास बारातियों से भरी बस पेड़ से टकरा गयी। हादसा इतना भीषण था कि बस की छत पूरी तरह से उखड़ गयी। इससे पांच लोगों की मौके पर मौत हो गयी और 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। 

सूचना पर पहुंची माधौगढ़ पुलिस ने लोगों की सहायता से घायलो को पुलिस वाहन और एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। हादसा उरई मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर उरई-भिंड राजमार्ग पर हुआ। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोपालपुरा के पास शनिवार देर रात 2 बजे के करीब रामपुरा थाना क्षेत्र के धूता ऊमरी से शादी समारोह से बारात लौट कर रेंढर थाना क्षेत्र के महोई गांव जा रही थी।

बस में करीब 40 लोग सवार थे। लोग गहरी नींद सो रहे थे, तभी अचानक गोपालपुरा पुल के पास सामने से आ रहे किसी बड़े वाहन से बचने के लिए बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से जाकर टकरा गयी। 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर की मौके पर मौत हो गयी और बस की छत हवा में उड़ गयी। बस में चीख-पुकार मच गयी। बारातियों ने पुलिस को सूचना दी। माधौगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू किया गया। घायलों को पुलिस वाहन और सरकारी एंबुलेंस की सहायता से उरई राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बाराती उमेश कुमार ने बताया कि वे सभी लोग रेंडर थाना क्षेत्र के मवई के रहने वाले हैं।

 गांव की एक शादी में शामिल होने के लिए रामपुरा थाना क्षेत्र के धूता उमरी गांव में गये थे। वहां से वापस आ रहे थे, तभी गोपालपुरा में नदी के पास सामने से आ रहे किसी बड़े वाहन से बचने के लिए ड्राइवर ने बस काट दी। रफ्तार तेज होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और पेड़ से जाकर टकरा गयी। बस की चद्दर बड़े वाहन के एंगल में फंस गयी, जिससे चद्दर हवा में उड़ गयी। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि बारातियों से भरी बस में 40 लोग सवार थे। तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण यह सड़क हादसा हुआ।

 इसमें तकरीबन 5 लोगों की मौत हुई है और 12 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को किसी वाहन से उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस किस चीज से टकरायी है, इसकी जांच जारी है। जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जायेगी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 74,050