चार जिलों के खिलाड़ी दिखायेंगे खेल का जौहर
टीम एबीएन, कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आगामी 16 अप्रैल से इंटर डिस्ट्रिक अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, लातेहार और देवघर में खेले जायेंगे। कोडरमा वेन्यू में पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, चतरा और कोडरमा की टीम खेलेगी। उसके बाद सुपर लीग के मैच का भी आयोजन यहां दिया गया है।
यह टूर्नामेंट चंदवारा स्थित पुलिस लाइन मैदान में खेला जायेगा। टूर्नामेंट की तैयारी जोरों से की जा रही है। केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और सचिव दिनेश सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन मैदान के टर्फ विकेट सभी मैच खेले जायेंगे। जेएससीए के निर्देशन में बनी टर्फ विकेट और मैदान को जेएससीए के पदाधिकारियों ने काफी पसंद किया है।
टूर्नामेंट की तैयारी को लेकर मैदान को पूरी तरीके से सजाया जा रहा है। जेएससीए के पदाधिकारियों के लिए मंच का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले बार अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में कोडरमा के खिलाड़ी अभय ने बेहतर प्रदर्शन किया था जिसकी बदौलत वह राज्य टीम में जगह बनाने में सफल रहा। एक खिलाड़ी का इस मुकाम पर पहुंचने से कोडरमा के खिलाड़ियों में इस टूर्नामेंट को लेकर जबर्दस्त उत्साह है।