एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में एक ट्रेन में आग लगाने के संदेह में एक व्यक्ति को महाराष्ट्र के रत्नागिरी से आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने हिरासत में लिया है। उसे जल्द ही केरल लाया जायेगा। केरल के पुलिस प्रमुख अनिल कांत ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कांत ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों को बताया कि केरल में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी), केंद्रीय एजेंसियों और महाराष्ट्र पुलिस के संयुक्त प्रयासों से शाहरुख सैफी को पकड़ा गया। कांत ने कहा कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। अभी वह रत्नागिरी में हैं। उसे यहां लाने की प्रक्रिया चल रही है। उसे जल्द यहां लाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध से पूछताछ के बाद ही हमले के मकसद का पता चल पायेगा। केरल से पुलिस अधिकारियों का एक दल रत्नागिरी पहुंच गया है और घटना की जांच के लिए संदिग्ध उन्हें सौंप दिया जायेगा। गौरतलब है कि केरल के कोझिकोड जिले में एक ट्रेन में रविवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर आग लगा दी थी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी थी और 9 अन्य झुलस गये थे।