एबीएन सेंट्रल डेस्क। तमिलनाडु के कांचीपुरम में बुधवार को पटाखा बनाने वाले एक कारखाने में हुए विस्फोट में नौ कर्मचारियों की मौत हो गयी और कम से कम 12 अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जब कर्मचारी पटाखे बनाने और भंडारण से संबंधित काम में लगे थे तभी एक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गयी। आग लगने से नौ मजदूरों की मौत हो गयी और 12 अन्य घायल हो गये। विस्फोट के कारण निर्माण एवं भंडारण इमारत ढह गयी।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और उल्लंघनों की पहचान की गयी है। उन्होंने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटाखा कारखाने में आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गये थे और आग पर काबू पाने की कोशिश की गयीं।
यहां रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए करीब 27 लोगों को बचाया और सुरक्षित बाहर निकाला गया। लोगों ने कहा कि हादसे में कुछ लोग झुलस गये थे, जिन्हें बचाया नहीं जा सका। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग कैसे लगी, इस बारे में जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।