- प्रधान पर दर्ज हैं 40 केस; तीन करोड़ है 250 वर्ग गज के मकान की कीमत
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से प्रयागराज में आरोपियों और उनके करीबियों के मकानों पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को पीडीए (प्रयागराज विकास प्राधिकरण) की टीम असरौली इलाके में 3 जेसीबी और एक पोकलेन मशीन लेकर पहुंची है। यहां पर अतीक अहमद के फाइनेंसर माशूक प्रधान उर्फ माशूकउद्दीन के घर को गिराया जा रहा है। जिस मकान को गिराया जा रहा है उसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। माशूक सीधे तौर पर उमेश पाल हत्याकांड से नहीं जुड़ा है, लेकिन उसके खिलाफ 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
बिना नक्शा पास कराये बनाया था मकान
यह मकान जहां बना है वहां से एयरफोर्स का ट्रांसमीटर एरिया शुरू हो जाता है। इसके निर्माण पर एयरफोर्स ने आपत्ति जतायी थी। नक्शा भी पास नहीं हुआ था इसके बावजूद माशूकउद्दीन ने दबंगई के दम पर यह घर बना लिया था।
बुलडोजर चलाने पर भड़के सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क
मुरादाबाद के संभल से सपा सांसद डॉ शफीकुर्रहमान बर्क ने इस कार्रवाई पर कहा कि यह मुसलमानों पर जुल्म है। बुलडोजर की कार्रवाई पर मुरादाबाद के संभल से सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा कि यह जुल्म है, एक्शन नहीं। मुसलमानों के साथ जुल्म हो रहा है और एक दिन तुम भी इसी जद में आ जाओगे, जब इस ओहदे पर नहीं रहोगे।
सांसद ने कहा कि हिंदुस्तान में जब कानून लागू है, तो फिर सरकार कानून के हिसाब से काम क्यों नहीं कर रही। बर्क ने कहा कि योगी सरकार ने कहा था कि माफिया को मिटा दूंगा। लेकिन, पहले आप माफिया को मिटाने की बजाय सरकार का निजाम ठीक कीजिये। सांसद बर्क ने कहा कि यहां डेमोक्रेसी है, जम्हूरियत है, प्रजातंत्र है फिर बुलडोजर से क्या मतलब है? क्या बुलडोजर से सारी दुनिया को आप मिटा दोगे?
अतीक के करीबी सफदर का मकान पहले गिरा दिया गया था
इससे पहले गुरुवार को अतीक के करीबी सफदर के मकान पर बुलडोजर चला था। पीडीए ने कहा था कि मकान का नक्शा पास नहीं था। सफदर को कई बार नोटिस भेजा गया। जवाब नहीं मिलने के बाद कार्रवाई की जा रही है। वहीं सफदर ने कहा- मुस्लिम होने के नाते प्रशासन ने कार्रवाई की। मेरे मकान का नक्शा पास है। गैर-कानूनी तरीके से मकान गिराया गया।
पहले खबर आयी थी कि गुड्डू के घर बुलडोजर चलेगा
पहले खबर आई थी कि पीडीए बमबाज गुड्डू मुस्लिम के घर बुलडोजर चलायेगा। गुड्डू मुस्लिम वही व्यक्ति है, जो पिछले सप्ताह उमेश पाल की हत्या में शामिल था। सीसीटीवी फुटेज में गुड्डू मुस्लिम उमेश पाल पर बेखौफ होकर बम फेंकता दिख रहा था। वीडियो में साफ दिख रहा कि गुड्डू अपने हाथ में लिये झोले में से एक-एक कर बम निकाल रहा था और फेंके जा रहा था।
3 बुलडोजर ने 5 घंटे में जमींदोज किया 3 करोड़ का मकान
बुधवार को अतीक के करीबी जफर अहमद के दो मंजिला मकान को प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर से गिरा दिया था। इस आलीशान मकान की कीमत 3 करोड़ रुपये थी। अतीक अहमद का मकान 2020 में जब ढहाया गया था, तब जफर ने ही उसके परिवार को यहां पनाह दी थी। शाइस्ता परवीन अपने बेटों को लेकर इसी मकान में रहा करती थीं। उमेश पाल हत्याकांड के दिन शूटरों ने इसी मकान में पनाह ली और बाद में अलग-अलग फरार हो गए।
प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर
प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल एक बदमाश का एनकाउंटर किया है। बदमाश का नाम अरबाज है। मुठभेड़ सोमवार दोपहर धूमनगंज में नेहरू पार्क के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से अरबाज नेहरू पार्क इलाके में छिपा था। उसने थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्या पर गोली चलायी। राजेश के हाथ गोली लगी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। अरबाज के सीने और पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अरबाज को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गयी। वहीं, घायल थाना प्रभारी राजेश का इलाज चल रहा है।
अतीक अहमद को एनकाउंटर का डर, सुप्रीम कोर्ट में अर्जी
यूपी सरकार ने उमेश पाल हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह माफिया अतीक अहमद के करीबी जफर अहमद के प्रयागराज स्थित घर को बुलडोजर से गिराया गया। इसी घर में अतीक का परिवार किराये पर रहता था। जफर के घर से तलवार, पिस्टल और राइफल भी मिली है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के चकिया मोहल्ले में जफर के दो मंजिला मकान को प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर लगाकर गिराया। इस घर की मार्केट वैल्यू करीब 3 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। अतीक का मकान जब जब्त किया गया था तो जफर ने ही उसके परिवार को यहां पनाह दी थी।