Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

पिछली सरकार के पिछड़े जिले तक हमने पहुंचाया विकास : मोदी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
पिछली सरकार के पिछड़े जिले तक हमने पहुंचाया विकास : मोदी
विज्ञापन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर फोकस के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने यदगिरी जिले में नारायणपुर लेफ्ट बैंक कनाल-एक्सटेंशन, रिनोवेशन एंड मॉर्डनाइजेशन प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये के कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमने उन जिलों में डेवलपमेंट और गुड गवर्नेंस पहुंचाई है, जिन्हें पिछली सरकार ने पिछड़ा घोषित कर दिया था। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि साढ़े तीन साल पहले जब जल जीवन मिशन शुरू हुआ था, 18 करोड़ ग्रामीण घरों में से सिर्फ 3 करोड़ घरों में ही नल के जरिए पानी पहुंच रहा था, और आज 11 करोड़ ग्रामीण आबादी को नल से जल मिल रहा है। प्रधानमंत्री यदगिरी और कलबुर्गी के दौरे पर हैं, जहां वह 10,800 करोड़ रुपये से अधिक राशि की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश अगले 25 वर्षों के नए संकल्पों को सिद्ध करने के लिए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह 25 साल देश के प्रत्येक व्यक्ति के लिए अमृत काल हैं। प्रत्येक राज्य के लिए अमृत काल हैं। अमृत काल में हमें विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा, भारत विकसित तब हो सकता है जब देश का हर नागरिक, हर परिवार, हर राज्य इस अभियान से जुड़े। भारत विकसित तब हो सकता है, जब खेत में काम करने वाला किसान हो या फिर उद्योगों में काम करने वाले श्रमिक, सभी का जीवन बेहतर हो।
आजादी के 75वें वर्ष से लेकर 100वें वर्ष तक के सफर को प्रधानमंत्री अक्सर अमृत काल कह कर पुकारते हैं। पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर इसका उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने इस कालखंड में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का आह्वान किया था। कर्नाटक में मोदी का इस महीने इस प्रकार का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह राष्ट्रीय युवा महोत्सव के उद्घाटन के लिए हुब्बल्लि आये थे और उन्होंने इस दौरान एक रोड शो भी किया था।

डबल इंजन सरकार से मिल रहा फायदा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कई विकास योजनाओं और कार्यक्रमों का उल्लेख किया कहा कि राज्य की जनता देख सकती है कि उन्हें डबल इंजन सरकार का कितना फायदा मिल रहा है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कर्नाटक में मई में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है और उसने कुल 224 में से कम से कम 150 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 35,928