टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नालंदा जिले का पैठन-भगन बिगहा का राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल देश का एक सर्वश्रेष्ठ अस्पताल होगा। नीतीश कुमार ने सोमवार को नालंदा जिले के रहुई प्रखंड स्थित राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पैठना-भागनबिगहा उद्घाटन करने के बाद कहा कि यह बिहार ही नहीं देश का एक खास अस्पताल है, जहां इलाज के साथ-साथ पढ़ने की भी काफी अच्छी सुविधा है। दांतों के इलाज के अलावा अन्य प्रकार की चिकित्सा के लिए भी यहां सौ बेड का इंतजाम रहेगा। यहां चिकित्सकों के रहने की भी व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने मई 2023 तक इस राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का काम पूरे करने के प्रति उन्हें आश्वस्त किया है। अपना दांत दिखाने के लिए अब वह भी यहीं आएंगे। अब तक दिल्ली एम्स जाते रहे हैं। यहां जितनी अच्छी व्यवस्था है उतना दिल्ली एम्स में भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से आह्वान करते हुए कहा कि यहां दंत चिकित्सा के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचेंगे। काफी बेहतर ढंग से उनका इलाज करें। महिला चिकित्सक भी यहां पदस्थापित हैं। महिलाओं को इलाज में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। नालंदा जिला में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज भी बनवाया गया है और अब दंत चिकित्सा के लिए भी इस अस्पताल का निर्माण करवाया गया है। जो लोग इलाज के लिए यहां आएं उन्हें कोई असुविधा न हो इसके लिए मेंटेनेंस के साथ-साथ साफ-सफाई का भी पुख्ता प्रबंध रखें। हर प्रकार से काम करवाया जा रहा है। उनकी सरकार पूरे बिहार में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज बनवा रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना के दौर में भी काफी अच्छे ढंग से जांच और इलाज की व्यवस्था पूरे बिहार में की गई थी। अभी भी प्रतिदिन कोरोना का जांच की जा रही है, इसकी रिपोर्ट उन्हें हर रोज मिलती है। पूरे देश में 10 लाख की आबादी पर कोरोना जांच की संख्या औसतन 6 लाख 50 हजार थी जबकि यह बिहार में 8 लाख से भी ज्यादा है। केंद्र सरकार द्वारा कोरोना मृतक के आश्रितों को मात्र 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान किया गया जबकि उनकी सरकार शुरू से ही 4 लाख रुपये दे रही है। अभी भी जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में कोरोना मृतक के मुआवजा की शिकायतें मिलती हैं, उन्हें भुगतान करने की दिशा में कार्रवाई की जाती है।