देश
परिवारवादी राजनीति को लेकर टीआरएस पर मोदी ने निशाना साधा
ABN Bureau
•
12 Nov, 2022
•
6 मिनट में पढ़ें
1 Views
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस पर परिवारवादी राजनीति को लेकर शनिवार को निशाना साधा और कहा कि राज्य को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो सभी परिवारों के वास्ते काम करे, न कि केवल एक परिवार के लिए। विरोधियों द्वारा की जाने वाली उनकी आलोचना पर मोदी ने कहा कि उन्हें हर रोज मिलने वाली 2.5-3 किलोग्राम गालियां लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित करती हैं, क्योंकि ऐसे शब्द उनके लिए न्यूट्रीशन (पोषाहार) की तरह हैं, जो तीखी टिप्पणियों को सकारात्मक ऊर्जा में बदल देते हैं।
मोदी ने यहां एक जनसभा में कहा, राजनीति में एजेंडा सेवा-उन्मुख होना चाहिए। लेकिन तेलंगाना में जनादेश पाने वालों का पूरा ध्यान मोदी को गाली देने में है। कभी-कभी लोग मुझसे पूछते हैं, मोदी जी, क्या आप थकते नहीं हैं? कल मैं सुबह में दिल्ली में था, फिर कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अब तेलंगाना में। लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मैं थकता नहीं हूं। प्रधानमंत्री ने कहा, तब मैं उनसे कहता हूं कि मैं रोज 2.5-3 किलोग्राम गाली खाता हूं। परमात्मा ने मुझे इस तरह से बनाया है कि ये सारी गालियां मेरे अंदर प्रोसेस होकर न्यूट्रीशन (पोषाहार) में बदल जाती हैं। यह सकारात्मक ऊर्जा बन जाती है, जिससे लोगों की सेवा करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा और हताशा के कारण, सुबह-शाम उन्हें गालियां देते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि वे इस तरह की अपमानजनक भाषा से चिंतित न हों, क्योंकि प्रतिद्वंद्वियों के पास ऐसे शब्दों के अलावा और कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा, इसकी चिंता मत करो। पिछले 22 सालों से मुझे तरह-तरह के अपशब्दों का सामना करना पड़ रहा है। इन गालियों को लेकर हंसी मजाक कीजिये। शाम को एक बढ़िया चाय पीजिये। अगले दिन सुबह कमल खिलने वाला है, इसी खुशी में आगे बढ़ते रहिये। मोदी ने कहा, आप मोदी को कितनी भी गालियां दीजिए हम हजम कर जायेंगे। आप भाजपा को गाली दीजिए, हमें कोई समस्या नहीं है। हम ऐसे ही आगे बढ़ते रहेंगे। लेकिन अगर तेलंगाना के लोगों को गाली दी, तो लेने के देने पड़ जायेंगे। प्रधानमंत्री ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी पर लोगों को सबसे अधिक भरोसा है, उसने उनके साथ कथित तौर पर विश्वासघात किया है। राज्य के दौरे पर आने के तुरंत बाद यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पर एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, तेलंगाना के नाम पर जो लोग फले-फूले, आगे बढ़े, सत्ता पायी, वे खुद तो आगे बढ़ गये, लेकिन तेलंगाना को पीछे धकेल दिया।
विज्ञापन