एबीएन सेंट्रल डेस्क। त्योहारों के मौसम आते ही कोरोना वायरस ने एक बार फिर से देश की चिंता बढ़ा दी है। दिवाली और छठ से पहले कोरोना वायरस नये तेवर के साथ पांव पसारने लगा है। कोरोना वायरस के मामलों में न केवल इजाफा हो रहा है, बल्कि उसका नया वैरिएंट भी अब भारत में दस्तक दे चुका है। सबसे खतरनाक माने जाने वाले ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट बीक्यू.1 का एक मामला पुणे में मिला है, जिसे भारत का पहला केस बताया जा रहा है। वहीं, देश में ओमिक्रॉन के अन्य सब-वैरिएंट एक्सबीबी के भी मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में कोविड एक्सपर्स्ट की मानें तो लोगों को त्योहारों के दौरान और भी अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। एक्सपर्ट ने बताया है कि त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाली जगह से खुद को बचाकर रखना चाहिए। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य डॉ पुनित ने दिवाली के मौके पर खास तौर पर कोरोना वायरस से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में कोरोना के केस बढ़ गये हैं और ये कोविड के नए वेरिएंट हैं। उन्होंने अपील की कि जिन-जिन लोगों का तीसरा प्रीकॉशन डोज छूटा हुआ है, वो जल्द लगवा लें। डॉ पुनित ने कहा कि नया वेरियेंट आ गया है और यह कितना खतरनाक है, अभी कहा नहीं जा सकता, लेकिन मास्क पहन कर रहें। अपनी दिवाली खराब न करें और सावधानी बरतें। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने अपनी रफ्तार तेज कर दी है। दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 107 नये मामले दर्ज किये गये और संक्रमण दर 1.64 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली में नए मामलों के साथ दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 20,05,211 हो गई है जबकि मृतकों की संख्या 26,506 है। मंगलवार को दिल्ली में 141 नये मामले सामने आये थे। महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। राज्य में बुधवार को बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 418 नये मामले सामने आये। वहीं इस वायरस से तीन लोगों की मौत हो गयी। हालांकि, इन आंकड़ों में चिंतित करने वाली बात ओमिक्रॉन के नए सब-वैरिएंट को लेकर है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि यहां अक्टूबर महीने के पहले 15 दिनों में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट एक्सबीबी के कम से कम 18 मामले सामने आये हैं।