एबीएन सेंट्रल डेस्क। विदेशी निवेश के मोर्चे पर भारत के लिए अच्छी खबर है। अगले पांच वर्षों में भारत 475 अरब डॉलर का विदेशी निवेश प्राप्त कर सकता है। विजन विकसित भारत - एमएनसी के लिए अवसर तथा अपेक्षाएं नाम की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सुधारों और आर्थिक वृद्धि पर ध्यान देकर 475 अरब डॉलर का विदेशी निवेश हासिल कर सकता है। आपको बता दें कि इवाईई और सीआईआई ने मिलकर इस रिपोर्ट को तैयार किया है।
71 प्रतिशत एमएनसी ने भारत को एक आकर्षक निवेश गंतव्य माना : इस रिपोर्ट के अनुसार 71 फीसदी बहुराष्ट्रीय कंपनियों (एमएनसी) ने वर्ल्ड में अपने विस्तार के लिए भारत को निवेश का एक आकर्षक गंतव्य माना है। जबकि 96 फीसदी ने कहा कि वे काफी लंबे समय के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में सकारात्मक हैं। जीएसटी में सुधार, डिजिटलीकरण को बढ़ावा, टैक्स में पारदर्शिता और अन्य सुधारों की एमएनसी सराहना करती है।
भारत की अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन करेगी : भारत में पिछले दशक में एफडीआई में लगातार इजाफा देखने को मिला है। इस सर्वेक्षण में शामिल अधिकतर एमएनसी को लगता है कि अगले 3-5 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन करेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सुधार और आर्थिक वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर अगले पांच वर्षों में 475 अरब अमेरिकी डॉलर का एफडीआई हासिल कर सकता है। आपको बता दें कि वित्त वर्ष 2021-22 में 84.8 अरब डॉलर की रिकॉर्ड एफडीआई भारत आई थी।