टीम एबीएन, पटना। बिहार के छपरा में विस्फोट हुआ है। एक घर में पटाखे वाला बम बनाते समय धमाका हुआ है। जिला प्रशासन ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं इस धमाके से पूरा घर उड़ गया, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना जिले के खैरा इलाके के खुदाईबाग की है।
हां पर जो घर था उसके परिवार के सदस्य ने बताया कि आगे रेडीमेड की दुकान थी और पीछे पटाखा बनाता था और बेचता था। इसी में आज आग लग गई और विस्फोट हुआ। इसी में पटाखे के साथ साथ सिलेंडर में भी विस्फोट हुआ होगा। क्योंकि पूरा का पूरा मकान जमींदोज हो गया है। धमाका पटाखा से हुआ या बम से हुआ इसकी भी जांच करवा रहे हैं। बम स्क्वॉड को मौके पर बुलवाया गया है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया जा रहा है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस पता लगा रही है कि ये पटाखा अवैध तरीके से बनाते थे या अनुज्ञप्तिधारी थे।
सारण एसपी संतोष कुमार ने बताया कि इस बम धमाके की जांच फॉरेंसिक टीम और बम स्क्वॉड करेगी। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल गया। पूरा घर ध्वस्त हो गया और घर की छतें और दीवार कई मीटर दूर उछलकर मलबे में तब्दील हो गईं। घर के अंदर मौजूद एक शख्स के शरीर का हिस्सा लगभग 50 मीटर दूर छिटककर गिरा। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। चर्चा है कि पटाखे से इतना बड़ा धमाका कैसे हो सकता है। बम धमाके में अब तक मलबे से 6 शवों के निकाला जा चुका है। घर ध्वस्त होने के बाद भी लगातार धमाके होते रहे। एक धमाका ऐसा भी कैमरे में कैद हुआ कि लोग दहल गए। इस धमाके को वीडियो में भी देखा जा सकता है। बम धमाके की सूचना पाकर छपरा पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी लगभग आधा दर्जन एंबुलेंस और राहत एवं बचाव दल के साथ खोदाईबाग के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का कार्य शुरू किया गया। गौरतलब है कि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पा रही है कि धमाका "बम विस्फोट" से हुआ है या आतिशबाजी बनाने के दौरान विस्फोट हुआ है। मलबे से प्रशासन ने एक बच्चे के शव समेत 6 लाशों को निकाला। धमाके में कई लोग जख्मी हुए हैं जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।