क्या राजद विधायकों को तोड़ देगी भाजपा?

 

तेजस्वी यादव के विधायकों को तोड़ने की तैयारी में भाजपा

कृषि मंत्री बोले- एनडीए के संपर्क में राजद के सभी विधायक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। नीतीश सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि राजद के सभी विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। रामकृपाल ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कुछ नहीं बचा, वो जीरो पर आउट हो जायेंगे। 

बिहार की राजनीति में बयानबाजी की वजह से एक बार फिर से सियासी पारा चढ़ गया है। विधानसभा चुनाव के करीब डेढ़ महीने बाद अब राजद में बड़ी टूट की खबरें गलियारों में तैर रही हैं। तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को भाजपा और जदयू ने पलायन करार दिया है, वहीं नीतीश सरकार में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार के बयानों ने राजद में संभावित टूट की चर्चाओं को और हवा दे दी है। 

तेजस्वी होंगे जीरो पर आउट : रामकृपाल यादव 

बिहार के कृषि मंत्री और कभी लालू यादव के बेहद करीबी रहे रामकृपाल यादव ने राजद के भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद तेजस्वी यादव हताशा में हैं। उनके पास न दिशा है, न नेतृत्व। राजद के विधायक हताश हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पार्टी संभालें, वरना जीरो पर आउट हो जायेंगे। उनके पास अब कुछ बचा नहीं है। 

रामकृपाल ने कहा, तेजस्वी यादव की पार्टी खत्म हो चुकी है। वे विदेश के दौरे पर हैं। हार बर्दाश्त नहीं हुआ और जनता के बीच जाने में उनको शर्म आ रही है इसलिए भाग कर विदेश चल गये हैं। मैं गंभीरता के साथ कह रहा हूं कि उनके 25 के 25 विधायक हमारी पार्टी के संपर्क में हैं। कभी भी 25 विधायक भाजपा में शामिल होंगे। 

नीरज कुमार का तंज 

वहीं, भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बेचारे तेजस्वी यादव, चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद अपना चेहरा छिपाने के लिए परिवार के साथ विदेश भाग गये हैं। उनके विधायक यहां नेतृत्व की कमी, वंशवाद की राजनीति, भाई-भतीजावाद और मौजूदा अराजकता को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उनके सभी विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। राजद विधायकों का नेतृत्व या मार्गदर्शन करने वाला कोई नहीं है। पार्टी में कभी भी बड़ी फूट पड़ सकती है। 

डिप्रेशन में हैं राजद विधायक 

जदयू नेता मनीष यादव ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय नीतीश कुमार पर ओछी टिप्पणी करने वाले तेजस्वी यादव को जनता ने उनकी जगह दिखा दी है। अब उनके विधायक डिप्रेशन में हैं क्योंकि उन्हें दिशा देने वाला कोई नहीं है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राजद के कई असंतुष्ट विधायक एनडीए के पाले में आने की सोच रहे हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse