- दुर्गा प्रतिमा के सामने शव रखा, बोली-बेटा लौटा दो, मां...
एबीएन न्यूज नेटवर्क, दरभंगा। जिले में पूजा पंडाल में करंट लगने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गयी। बच्चे की मौत के बाद माता-पिता ने शव को माता की प्रतिमा के सामने रख दिया। पंडाल से एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें बच्चे की मां बेटे को जिंदा करने की गुहार लगाती दिख रही है।
बच्चे के शव को मां के सामने रखकर मां रो-रोकर दोनों हाथ उठाकर दुर्गा जी से गुहार लगाने लगी। वो कह रही थी, अरे मां... बेटा तो तेरे दर्शन करने आया था। तेरी पूजा करने आये थे, फिर मेरे बच्चे को क्यों छीन लिया। बेटे को लौटा दो...। मेरे बेटे को जिंदा कर दो...। हम कैसे रहेंगे...। कैसे जिएंगे...।
पुलिस ने मां को समझाकर बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मां को विश्वास नहीं हो रहा था बेटा मर गया। घटना के वक्त पंडाल में मौजूद नितिन कुमार झा ने बताया कि मंगलवार रात से ही शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण पंडाल की सजावट में लगे बांस-बल्ले भींग गये थे।
बांस में लगे तार में भी करंट दौड़ रहा था। इस दौरान पास में ही खेल रहा बच्चा करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर तक किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया। बच्चा बिजली से चिपका रहा। अचानक एक महिला की चीख सुनकर लोग दौड़े। बिजली काटकर बच्चे को अलग किया गया।
आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर गये, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। माता-पिता को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनका इकलौता सहारा अब नहीं रहा। अस्पताल से लौटने के बाद शव को मंदिर के अंदर माता की प्रतिमा के सामने रख दिया। मां बार-बार यही कहती रही, हे माता रानी मेरे बच्चे को जिंदा कर दो।