11 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आये, वहीं छह लोग अब भी लापता
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को यात्रियों से भरी नाव पलट गयी। नाव पर 17 लोग सवार थे। वहीं नाव के पलटते ही सभी लोग नदी में डूबने लगे। किसी तरह 11 लोग तैरकर बाहर निकल आये। वहीं छह लोग अब भी लापता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर कुछ लोग नौका पर सवार होकर स्नान करने के लिए नदी के उस पार जा रहे थे। इस दौरान उमा घाट के समीप नौका पलट गयी। कुछ लोग तैरकर बाहर आ गये, जबकि छह लोगों के डूबकर मरने की आशंका है।
सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम पहुंच गयी है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि प्रसिद्ध उमानाथ घाट पर जहां कई जिले के लोग गंगा स्नान को आते हैं, वहां पुलिस प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किया था, न ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती थी।