एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार के बेगूसराय, मुंगेर, शेखपुरा और बांका सरकारी स्कूलों में भीषण गर्मी के कारण 30 से अधिक बच्चे बेहोश जमीन पर गिर गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।अभिभावकों का कहना है कि भीषण गर्मी में भी बच्चों को छुट्टी नहीं दी गई है। शिकायत करने पर कहा जाता है कि शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने स्कूल को बंद करने का आदेश नहीं दिया है। अभिभावकों का कहना है कि 42 से 45 डिग्री तापमान के कारण बच्चे स्कूल में ही बीमार पड़ रहे हैं।
बेगूसराय में बढ़ते गर्मी के बीच अचानक स्कूल में पढ़ रहे 12 से अधिक छात्राएं बेहोश हो गईं। बेहोशी के हालात में छात्रा को उसे जगह से उठाकर इलाज के लिए मटिहानी पीएचसी में भर्ती कराया जहां सभी छात्रा का इलाज चल रहा है। यह पूरा मामला मटिहानी थाना क्षेत्र के मटिहानी मध्य विद्यालय का है।शेखपुरा के एक स्कूल में लू के कारण कई छात्र बेहोश हो गए।
सभी छात्रों के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मनकौल गांव के हाई स्कूल में एक के बाद एक 13 से अधिक बच्चे बेहोश होने लगे। आननफानन में उन्हें शिक्षकों ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मुंगेर के धरहरा प्रखंड के तीन स्कूलों पांच छात्र बेहोश हो गए। इतना ही नहीं उच्च विद्यालय हेमराजपुर में परीक्षा के दौरान एक शिक्षक भी बेहोश हो गए। बांका जिले के शंभूगंज के मिर्जापुर पंचायत स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय में खाना बनाने के दौरान रसोइया बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।