सुशील मोदी के निधन पर आरएसएस ने ऐसे जताया दुख
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सुशील कुमार मोदी का 13 मई को निधन हो गया। सुशील कुमार मोदी की उम्र 72 साल थी और उनको लंबे समय से कैंसर था। उन्होंने एम्स में आखिरी सांस ली। सुशील कुमार मोदी के निधन पर राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ ने दुख जताया और उनको श्रद्धांजलि दी।
बिहार की राजनीति का अहम चेहरा रहने वाले सुशील मोदी का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से काफी लंबा रिश्ता रहा। वो पूरी जिंदगी आरएसएस के सदस्य रहे। सुशील कुमार मोदी ने साल 1983-1986 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महासचिव का पद भी संभाला। सुशील कुमार मोदी के निधन पर अखिल भारतीय प्रचार के प्रमुख सुनील आंबेकर ने भी दुख जताया।
आरएसएस ने दी श्रद्धांजलि
सोशल मोदी के निधन पर दुख जताते हुए आरएसएस ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व सांसद सुशील कुमार मोदी के अचानक निधन से दु:ख हुआ। इस समय हम सब की भावना उनके परिवार तथा असंख्य मित्र-प्रशंसकों के साथ है।
उनके कार्यकाल को याद करते हुए आरएसएस ने आगे कहा- संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रहे सुशील सारे देश विशेषत: बिहार की चिंता करते थे। उनके निधन से एक जागृत सामाजिक कार्यकर्ता व कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया है।
वे सार्वजनिक जीवन में सैद्धांतिक निष्ठा व पारदर्शिता के आदर्श उदाहरण थे। उनके परिवार को अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें दु:ख सहन करने की शक्ति दे तथा दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।