काशी नहीं जा सके नीतीश कुमार
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 11 बजे पटना एयरपोर्ट पर आया। वहां से उनका पार्थिव शरीर सीधा निवास स्थान गया। वहां से उनके पार्थिव शरीर को भाजपा कार्यालय में कुछ देर अंतिम दर्शन को रखा गया। उनका पार्थिव शरीर विधानसभा परिसर भी ले जाया गया।
पूरे बिहार में पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के निधन के बाद शोक की लहर है। बिहार भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाराणसी जाने का कार्यक्रम भी रर कर दिया। सीएम नीतीश कुमार ने सुशील मोदी के परिवार से बात की। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भाजपा और संघ से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हुए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने शाम चार बजे पटना आये। बताया जा रहा है कि 12 राज्यों के सीएम और अनेक केंद्रीय मंत्री भी सुशील मोदी के अंतिम संस्कार में शामिल होने पटना आये। शाम पांच बजे दीघा घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ।
नीतीश की काशी यात्रा रद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन में शामिल होने वाले थे, लेकिन वह पीएम के नामांकन में शामिल नहीं हुए। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अस्वस्थ होने के कारण आज अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में प्रधानमंत्री को सूचित कर दिया था। ऐसे में वे पीएम मोदी के नामांकन में भी शामिल नहीं हो सके।