एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में आज शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां पर नेशनल हाईवे-44 में झेलम ब्रिज के पास राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के पलट जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्री बिहार के रहने वाले थे। हादसे में घायल लोगों में कई की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
हादसे के बारे में एक स्थानीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अवंतीपोरा इलाके के गोरीपोरा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर आज सुबह एक बस पलट गयी, जिसमें कई यात्री घायल भी हो गये। सभी घायल लोगों को इलाज के लिए के पास अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल जाने के दौरान 3 की हुई मौत
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनमें से तीन घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य यात्री की एसडीएच पंपोर में इलाज के दौरान जान चली गई। मारे गए सभी यात्री बिहार के रहने वाले थे।