बिहार
सामान्य प्रशासन और गृह विभाग के रिक्त पदों को शीघ्र भरें : नीतीश
ABN Bureau
•
20 Oct, 2022
•
4 मिनट में पढ़ें
4 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, पटना/ रांची। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशाासन विभाग एवं गृह विभाग के रिक्त पदों को भरने को कहा। नीतीश ने बुधवार को यहां एक, अणे मार्ग स्थित संकल्प में सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग की समीक्षा की और विभाग के अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उन्हें जब से काम करने का मौका मिला है, राज्य में विकास के कई कार्य किए गए हैं। यहां व्यापार बढ़ा है। राज्य का बजट आकार दो लाख करोड़ रुपए से ऊपर हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकारी भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों सहित कई आधारभूत संरचना का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों का मेंटेनेंस हर हाल में अवश्य करायें। मेंटेनेंस का कार्य विभाग से ही करायें, इसके लिए जितने और अभियंताओं एवं कर्मियों की आवश्यकता हो उनकी बहाली कराएं। नीतीश ने कहा कि प्रत्येक थाने में कानून-व्यवस्था एवं अनुसंधान दो अलग-अलग विंग बनाए गए हैं ताकि बेहतर ढंग से कार्यों का निष्पादन हो सके। पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि विभागों में जो भी रिक्तियां हैं उन्हें भरने की प्रक्रिया शुरू करें।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल, अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग चैतन्य प्रसाद, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव बी राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक सह अध्यक्ष विनय कुमार उपस्थित थे।
विज्ञापन