ये फिल्म नहीं सत्संग है, हनुमान अंश की मुरीद हुईं कंगना रनौत, लोगों से बोलीं- थेरेपी छोड़ो, इसे देखो...
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। सिनेमाघरों में इन दिनों एक ही फिल्म की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है वो है हनुमान अंश। नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। हालांकि दो हफ्ते इसकी रफ्तार काफी धीमी रही थी लेकिन तीसरे हफ्ते से इसने जो स्पीड बढ़ायी उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। मामूली बजट में बनी ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। वहीं अब कंगना रनौत भी इस फिल्म की मुरीद हो गयी हैं। उन्होंने तो यहां तक कहा है कि ये मूवी नहीं सत्संग है और लोगों से इसे देखने की अपील भी की है।
कंगना रनौत ने की हनुमान अंश की खूब तारीफ
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर हनुमान अंश फिल्म की जमकर तारीफ की है। इस फिल्म में शोबिनाव सत्या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है और इसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है।
इस फिल्म की तारीफ करते हुए कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, हनुमान अंश सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है। इसमें उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को बहुत खूबसूरती से पिरोया गया है, जिन्होंने नीम करौली बाबा को साक्षात अनुभव किया था। अपनी थेरेपी छोड़कर इसे जरूर देखें।
हनुमान अंश की बॉक्स आॅफिस परफॉर्मेंस
हनुमान अंश शुरुआत में कोई खास असर नहीं दिखा पायी थी। सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने ओपनिंग डे पर 10 लाख रुपये कमाये और अगले दो हफ्तों तक इसकी रफ्तार धीमी ही रही। इस दौरान देश में इसकी कुल कमाई सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये रही। तीसरे हफ्ते में फिल्म की किस्मत बदली।
- बता दें कि तीसरे वीक में इसकी कमाई 10.40 करोड़ रुपये रही थी। अब चौथे हफ्ते में तो इसने कमाल ही कर दिखाया है। जहां 22वें दिन इसने 6.25 करोड़ कमाये थे तो वहीं 23वें दिन इसने 9.25 करोड़ कमाये।
- वहीं 24वें दिन इसने सबसे ज्यादा कमाई की और इसका कलेक्शन 12.75 करोड़ रुपये रहा।
- 25वें दिन फिल्म ने 25 करोड़ कमाये। वहीं सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के 26वें दिन इस फिल्म ने 8.50 करोड़ का कलेक्शन किया।
- इसी के साथ हनुमान अंश ने भारत में 26 दिनों में 54.13 करोड़ की नेट कमाई कर डाली है।
- वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 63.82 करोड है।
- गौरतलब है कि ये फिल्म 1.8 करोड़ के बजट में बनी है। ऐसे में इसने अब तक 2907% प्रॉफिट कमा लिया है।