एबीएन न्यूज नेटवर्क, कटोरिया (बांका)। श्रावणी मेले के पावन अवसर पर कटोरिया के राजाबाड़ा में आर्ष परिषद, कतरास (धनबाद, झारखंड) द्वारा कान्य कुब्ज ब्राह्मण समाज के सहयोग से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए निःशुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व वियाडा अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी विजय झा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विजय झा ने कहा कि यह शिविर केवल एक सेवा केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति समाज की आस्था एवं संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्रावणी यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु कठिन परिस्थितियों में बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर प्रस्थान करते हैं और ऐसे सेवा शिविर उनके सफर को सहज एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आर्ष परिषद कान्य कुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष प्रमोद दुबे ने बताया कि शिविर में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, शरबत, फल, आवश्यक दवाइयाँ, प्राथमिक उपचार (मलहम-पट्टी) तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले की अवधि तक श्रद्धालुओं की सेवा का यह कार्य निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवघर के पंडा राजेश बलयाश्य, यूथ आइकॉन अनंत श्री कृष्ण उर्फ बिट्टू झा, प्रेम तिवारी, गौरव दुबे सहित कान्य कुब्ज ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पूरे परिसर में "बोल बम... हर-हर महादेव...के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse