एबीएन कैरियर डेस्क (रांची)। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा, लालपुर इकाई के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा सोमवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर मेंटल हेल्थ असेसमेंट, स्क्रीनिंग एंड सपोर्ट सिस्टम्स (एआईएमएचएसएस- 2026) विषय पर एक सप्ताहीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
3 से 7 अगस्त तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विशेषज्ञ व्याख्यानों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण (हैंड्स-आॅन सेशन) के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अनुप्रयोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. राजू पोद्दार, डीन (अनुसंधान एवं नवाचार), बीआईटी मेसरा ने किया।
मौके पर कार्यशाला की संयोजक डॉ. अमृता सरकार, बीआईटी मेसरा लालपुर इकाई के निदेशक (प्रोफेसर-इन-चार्ज) डॉ. विजय कुमार झा तथा डॉ. अमृता प्रियम भी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के समाधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को नैतिक, नवाचारपूर्ण एवं अंतर्विषयक अनुसंधान के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग, बीआईटी मेसरा लालपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. पार्थ सारथी बिष्णु ने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न अनुप्रयोगों पर व्याख्यान दिया।
द्वितीय सत्र में सेंट्रल इंस्टीट्यूट आॅफ साइकियाट्री (सीआईपी), रांची के प्रोफेसर डॉ. निशांत गोयल ने युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों तथा मनोवैज्ञानिक कल्याण को बढ़ावा देने में डिजिटल तकनीकों की भूमिका पर अपने विचार साझा किये।
कार्यशाला के आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मानसी गुप्ता, डॉ. देवेश कुमार उपाध्याय एवं डॉ. नंदन बनर्जी द्वारा निभाई जा रही है। वहीं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफल संचालन शुभाशीष रॉय, राणा प्रताप मिश्रा तथा बसुदेव सिंह द्वारा किया जा रहा है।
इस कार्यशाला में संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जिससे यह कार्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मानसिक स्वास्थ्य समाधान, शोध, नवाचार तथा शैक्षणिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse