टीम एबीएन, रांची। रांची पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में 277वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद एवं ए.आर. हेल्थ केयर के सहयोग से एकदिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ संपन्न हुआ।
पूरे कार्यक्रम में भक्तिभाव, आध्यात्मिक उल्लास एवं सामाजिक सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी के दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया।
आरती के पश्चात 277वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रेमपूर्वक मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, मैंगो जूस एवं आलू चिप्स के पैकेट का वितरण किया गया। भक्तिमय वातावरण को और भी मधुर बनाते हुए ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
मंदिर परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर में लगभग 120 लोगों ने ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड एवं हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच करायी। डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिये। जांच कार्य में रविंद्र कुमार,अरुण कुमार एवं विकास पासवान का सराहनीय सहयोग रहा।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक माह श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल छावनिका, मनोज चौधरी, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, दीपेश निराला, विशाल जालान, मनीष जालान,सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse