बॉर्डर 2 में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं अहान शेट्टी
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अहान शेट्टी अपने पिता सुनील शेट्टी की विरासत को आगे बढ़ाते हुये बॉर्डर 2 में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। मूल बॉर्डर फिल्म में प्रमुख भूमिका निभा चुके सुनील शेट्टी अपने पुत्र को बॉर्डर 2 का हिस्सा बनते देख बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।
सुनील शेट्टी ने शहर में जाते हुए लम्हों के जारी किये जाने के मौके पर शिरकत की। यह गाना मूल बॉर्डर फिल्म के लोकप्रिय गीत तो चलूं को एक नये अंदाज में पेश किया गया है। कार्यक्रम में सुनील शेट्टी ने अहान शेट्टी और पूरी बॉर्डर 2 टीम का दिल से समर्थन किया और पैपराजी के लिए अपने पुत्र के साथ एक खासतौर से तस्वीरें भी खिंचवायीं।
कार्यक्रम से पहले अहान शेट्टी ने अपने पिता के साथ खिंचवायी कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर डालते हुए लिखा- यह खास है। जाते हुए लम्हों आडियो अब जारी हो गया है। बॉर्डर 2 के निर्देशक अनुराग सिंह हैं और गुलशन कुमार और टी-सीरीज ने जेपी दत्ता की जेपी फिल्म्स के सहयोग से इसे प्रस्तुत किया है।
फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारे हैं और यह 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हाल ही में जैसलमेर में एक कार्यक्रम के दौरान सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र की युद्ध फिल्म हकीकत के अपने जीवन पर पड़े गहरे प्रभाव के बारे में बात की और बताया कि इसी फिल्म ने उन्हें बॉर्डर बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बचपन में जब मैंने अपने पिता की फिल्म हकीकत देखी, तो उसका मुझ पर गहरा असर हुआ। बाद में जब मैं अभिनेता बना, तो मैं भी ऐसी ही फिल्म बनाना चाहता था। मैंने जेपी दत्ता से बात की और हमने मिलकर लोंगेवाला के विषय पर फिल्म बनाने का फैसला किया, जो हमारे दिलों के बहुत करीब है।
सनी देओल ने दर्शकों, विशेषकर युवाओं पर फिल्म बॉर्डर के अमिट प्रभाव पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा- मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि यह फिल्म इतने सारे युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी। मैं जहां भी जाता हूं, लोग मुझे बताते हैं कि बॉर्डर देखने के बाद उन्होंने सेना में शामिल होने का फैसला किया।