Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
मनोरंजन

मेरे पिता को समर्पित है अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार : रानी मुखर्जी

मेरे पिता को समर्पित है अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार : रानी मुखर्जी
विज्ञापन

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए मिले सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को अपने दिवंगत पिता को समर्पित किया है। रानी मुखर्जी अपनी 30 साल की अभिनय यात्रा में पहला राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर भावुक हो गयींं। रानी मुखर्जी ने कहा, मैं सचमुच अभिभूत हूं। 

यह सम्मान मेरे लिए बहुत मायने रखता है और मैं इसे अपने दिवंगत पिता को समर्पित करती हूं, जिन्होंने हमेशा इस पल का सपना देखा था। आज मैं उन्हें बेहद याद कर रही हूं। मुझे पता है कि यह उनका आशीर्वाद और मेरी मां की प्रेरणा व ताकत है, जिसने मुझे मिसेज चटर्जी की भूमिका निभाने में मार्गदर्शन दिया। 

रानी ने अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, मेरे शानदार फैन्स, हर सुख-दुख में साथ देने के लिए धन्यवाद। आपका अटूट प्यार और समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। मुझे पता है कि यह पुरस्कार आप सभी के लिए कितना अहम है और आपको खुश देखकर मुझे भी अपार खुशी मिल रही है। 

रानी मुखर्जी ने निर्देशक असीमा, निमार्ताओं निखिल, मोनिषा, मधु और पूरी जी टीम, साथ ही एस्टोनिया और भारत के कास्ट-क्रू का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कोविड काल की चुनौतियों के बीच यह फिल्म संभव ही नहीं होती अगर टीम ने दिल से मेहनत न की होती। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार की ज्यूरी का आभार जताते हुए कहा, यह फिल्म और यह पल मेरे दिल में हमेशा खास रहेगा। 

रानी मुखर्जी ने इस सम्मान को दुनिया की सभी माताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा, मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे की कहानी ने मुझे गहराई से छुआ क्योंकि यह एक प्रवासी मां की अटूट जीवन की दास्तान है, जो अपने बच्चे की रक्षा के लिए हर मुश्किल का सामना करती है। 

एक मां होने के नाते यह किरदार बेहद निजी था। इस फिल्म के जरिये हमने मातृत्व की शक्ति को सम्मान देने की कोशिश की है और मैं चाहती हूं कि यह याद दिलाये कि हर दिन औरतों के भीतर अपार ताकत होती है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,696