कॉलर ट्यून से परेशान यूजर ने अमिताभ से कहा- फोन पर बोलना बंद करिए; बिग बी ने दिया करारा जवाब
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उनके ट्वीट अक्सर चर्चा में रहते हैं। क्योंकि कभी वो ब्लैंक ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, तो कभी यूजर्स को और ट्रोलर्स को दिए अपने जवाब से बिग बी सुर्खियां बटोरते हैं। अब एक बार फिर बिग ने एक यूजर को कुछ ऐसा रिप्लाई दिया है, जो वायरल हो गया है।
बिग बी के रिप्लाई की अब काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। अमिताभ बच्चन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर देर रात एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में बिग बी ने लिखा, जी हां हुजूर, मैं भी एक प्रशंसक हूं तो? बिग बी के इस ट्वीट पर एक यूजर ने किसी को कॉल करने पर उनकी आवाज में आने सुनाई देने वाली कॉलर ट्यून का जिक्र करते हुए कमेंट किया, फोन पर बोलना बंद करो भाई। यूजर के इस कमेंट पर बिग बी ने जो रिप्लाई किया वो वायरल हो गया।
बिग बी ने यूजर को रिप्लाई करते हुए लिखा, सरकार को बोलो भाई, उन्होंने हमसे कहा सो किया। अक्सर जरूरी मुद्दों पर अपनी चुप्पी को लेकर लोगों के निशाने पर रहने वाले बिग बी पिछले कुछ दिनों से अपने बेटे अभिषेक बच्चन की आगामी फिल्म कालीधर लापता को सोशल मीडिया पर प्रमोट कर रहे हैं।
बिग बी ने इस फिल्म में अभिषेक बच्चन के अभिनय की भी तारीफ करते हुए कुछ ट्वीट किये हैं। साथ ही वो फिल्म और अभिषेक बच्चन की तारीफ से जुड़े हुए ट्वीट्स को व पोस्ट को भी लगातार री-शेयर कर रहे हैं।