एबीएन डेस्क। संजय दत्त को हाल ही में अपनी आने वाली कन्नड़ फिल्म के सेट में एक दुखद एक्सीडेंट का सामना करना पड़ा है। बता दें कि बुधवार को वह बेंगलुरु में फिल्म के सेट पर एक बम विस्फोट सीन की शूटिंग के दौरान घायल हो गये।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय दत्त को इस दुर्घटना के कारण कुछ चोटें आयी हैं। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भी शामिल हैं। हालांकि, अभी तक बस संजू बाबा के ही जख्मी होने की खबर सामने आयी है।
केडी-द डेविल के सेट पर संजय दत्त को लगी चोट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय दत्त ने केडी- द डेविल के लिए बेंगलुरु में एक बम विस्फोट सीन की शूटिंग के दौरान अपने हाथ, कोहनी और चेहरे को घायल कर लिया है। इस हादसे ने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया और हादसे के बाद काफी देर तक शूटिंग रुकी रही।
हालांकि, एक्सीडेंट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह घटना बेंगलुरु के मगदी रोड पर हुई और सौभाग्य से संजय दत्त अब चोटों से उबर रहे हैं। संजू बाबा के फैंस उनके जल्द रिकवरी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
फिल्म केडी- द डेविल में संजय दत्त की भूमिका के बारे में बात करें तो, संजय दत्त केडी-द डेविल में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म से शिल्पा शेट्टी भी सैंडलवुड में वापसी कर रही हैं, जिसमें वह सत्यवती की भूमिका निभा रही हैं।
केडी- द डेविल का निर्देशन प्रेम कर रहे हैं। साथ ही यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जायेगी। जिनको नहीं पता उन्हें बता दें कि, संजय दत्त ने यश-स्टारर केजीएफ : चैप्टर 2 में मुख्य विलेन, अधीरा की भूमिका निभाई थी। उनके प्रदर्शन को सभी ने पसंद किया था। इसके अलावा, संजय दत्त द गुड महाराजा, घुड़चड़ी, लियो और बाप में भी नजर आने वाले हैं।