टीम एबीएन, रांची। पिछले कुछ दिनों से झारखंड में मानसून मेहरबान है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। अगले चार दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। रांची समेत कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में रांची में 38.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों के मौसम का अनुमान लगाया है, जिसके मुताबिक कहा गया है कि 16 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, 17 अगस्त को भी कई जगहों पर हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 18 और 19 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, सिमडेगा, सरायकेला, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और जामताड़ा जिले में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को 20 और 21 अगस्त को बारिश से राहत मिल सकती है। रांची में 16 से 19 अगस्त के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार हल्की बारिश भी हो सकती है। 20 और 21 अगस्त को रांची में बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में इन दिनों में बारिश से राहत मिल सकती है। 16 से 19 अगस्त के बीच रांची का अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है।