गढ़वा। जिले के रंका वन विभाग कार्यालय परिसर में गुरूवार को 72वां वन महोत्सव का आयोजन किया गया। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, उप विकास आयुक्त सत्येंद्र नारायण उपाध्याय व वन पदाधिकारियों ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक कुमार अरविंद मनीष द्वारा लिखित वनों पर आधारित पुस्तक चलो करें शृंगार धरा का मंत्री श्री ठाकुर ने विमोचन किया।
मौके पर मंत्री ने कहा कि वन है तो जीवन है। मानव जीवन के लिए पौधा लगाना एवं उसका संरक्षण करना बहुत ही जरूरी है। एक वृक्ष 100 पुत्र के समान होता है। वन महोत्सव तभी सार्थक होगा जब हम सभी लोग पौधा लगायें एवं उसे संरक्षित करें। इस कोरोना काल में पर्यावरण संरक्षण का महत्व सभी को समझ में आ जाना चाहिए। मुफ्त में मिलने वाला आॅक्सीजन अस्पतालों में महंगे बिकने लगे। मंत्री ने कहा कि जंगलों को अंधाधुंध कटाई से आज पूरा विश्व चिंतित है। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी लोगोंं से कम से कम एक-एक पौधा लगाने एवं उसे सुरक्षित रखने की अपील किया। डीडीसी ने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए पौधारोपण जरूरी है। किसान अपने खेतों के किनारे वृक्ष लगाकर दोहरा, तिहरा लाभ कमा सकते हैं। क्षेत्रीय वन संरक्षक संजय कुमार सुमन ने कहा कि वनों से निकलने वाला आक्सीजन हमें नि:शुल्क मिलती है। इसके लिए जन सहभागिता जरूरी है। मौके पर दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी शशि कुमार, उतरी वन प्रमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार यादव, एसडीओ राजेश कुमार लिंडा, एसडीपीओ सुदर्शन कुमार आस्तिक, बीडीओ संतोष कुमार प्रजापति, सीओ शंभु राम, रेंजर विमद कुमार, झामुमो जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, वन विभाग के विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान, प्रखंड अध्यक्ष आशीष गुप्ता, कार्तिक पांडेय, दीपक सोनी आदि सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।