एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि मानसून आज अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने दिल्ली वालों को भी गुड न्यूज दी है, जिसमें कहा गया है कि आज तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। दिल्ली और यूपी के बांदा में रविवार को अधिकतम तापमान 49 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अधिकारी आरके जेनामणि ने इस मामले में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात की है। उन्होंने कहा, अंडमान सागर और और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर मानसून आज पहुंच चुका है। हमने केरल के लिए भविष्यवाणी की है कि यह 27 मई के आसपास आएगा। इसलिए, प्रगति और सभी निगरानी के अनुसार, यह दर्शाता है कि मानसून को लेकर हमारी भविष्यवाणी सही होगी। मौसम विभाग ने इस सप्ताह उत्तराखंड, केरल, मेघालय, असम समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया था।